बाराबंकी। स्वतंत्रता के महापर्व 15 अगस्त 2026 के अवसर पर जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय, बाराबंकी द्वारा भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री ईशांत प्रताप सिंह की उपस्थिति में तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, होमगार्ड जवानों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह, नि. भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अरविंद मौर्य, लोकगीत गायिका श्रीमती संजू सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिला कमांडेंट होमगार्ड श्री बी.के. सिंह के नेतृत्व में कार्यालय के अधिकारियों एवं होमगार्ड जवानों ने अनुशासन और देशभक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया।
कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने किया वृक्षारोपण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री ईशांत प्रताप सिंह ने जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय परिसर में विधिवत वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए कहा कि स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने में ही महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय परिसर को अधिक से अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने के लिए पौधरोपण अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कार्यालय परिसर में किए जा रहे सौंदर्यीकरण, स्वच्छता एवं अन्य सुधारात्मक कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं और कार्यों में हो रही प्रगति की सराहना की। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों का स्वच्छ, व्यवस्थित और हरित वातावरण कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन के लिए भी सकारात्मक संदेश देता है।
वृक्षारोपण के दौरान जिला कमांडेंट होमगार्ड श्री बी.के. सिंह सहित कार्यालय के अधिकारी एवं होमगार्ड जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी के पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित समाजसेवियों ने भी वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। कार्यक्रम ने देशभक्ति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का भी महत्वपूर्ण संदेश दिया।
समाजसेवियों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा एवं स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में आशा जन आरोग्य फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सौरभ कुशवाहा, एडवोकेट राहुल मौर्य, श्री हर्षित मौर्य, श्री सज्जन लाल गुप्ता सहित अन्य समाजसेवियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
कानून-व्यवस्था और आपदा राहत में सदैव तत्पर हैं होमगार्ड
जिला कमांडेंट होमगार्ड श्री बी.के. सिंह ने कहा कि होमगार्ड जवान जिले की कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण तथा आपातकालीन एवं आपदा की परिस्थितियों में राहत कार्यों के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन के सहयोग में होमगार्ड विभाग की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम ने नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया l


0 Comments